महंत आदित्यनाथ ने गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने के लिए शुरू किया अभियान
![]() |
टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल कर अभियान की शुरुआत करते महंत आदित्यनाथ
सांसद महंत आदित्यनाथ ने मंगलवार को गौरक्षा केंद्र से गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराए जाने के अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गौशाला से हिंदू युवा वाहिनी के जारी किए टोल फ्री नंबर 1800 200 0010 पर मिस्ड कॉल देकर इसकी शुरुआत की।
उन्होंने इस टोल फ्री नंबर पर एक करोड़ लोगों को मिस्ड कॉल के जरिए गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने का समर्थन करने की अपील की। वहीं, गौशाला में गायों के बीच महंत आदित्यनाथ ने जब इस अभियान की शुरुआत की तो परिसर तालियों से गूंज उठा। इस दौरान समर्थकों ने भारत माता की जय और गौमाता की जय के नारे लगाए। आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन हिंदू धर्म के शास्त्र 'गावो विश्वस्य मात्रि' यानी गौमाता विश्व की माता है, इसका संदेश देते आ रहे हैं। सनातन हिंदू धर्म मानवता के कल्याण 'सर्वे भवंतु सुखिन, सर्वे संत निरामया' की बात करता है।
महंत आदित्यनाथ ने कहा कि यह अभियान हिंदू युवा वाहिनी ने जारी किया है। इस केंद्र (गोरक्षपीठ गोरक्षनाथ मंदिर) से टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। इस अभियान को लेकर पूरे देश के लोगों को गौमाता-राष्ट्रमाता और सनातन हिंदू धर्म संस्कृति के लिए जागरूक करेंगे। भारत की धर्म प्रधान संस्कृति और कृषि प्रधान व्यवस्था को सुदृढ़ करने के इस अभियान के साथ भू-संरक्षण और संवर्धन के प्रति जनता को जागरूक करने के लिए इससे जुड़ने की अपील कर रहे हैं।
मौजूद रहे कई अधिकारी
इस अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह, प्रदेश प्रभारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यालय प्रभारी पीके मल्ल, प्रदेश अध्यक्ष विश्व हिंदू महासंघ भिखारी प्रजापति, प्रदेश कार्य समिति सदस्य शेष विजय सिंह, चेयरमैन रामपुर कारखाना, ब्लाक प्रमुख गजेंद्र प्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी विनय कुमार गौतम और दुर्गेश बजाज सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।
दूसरे अभियानों के लिए भी जारी किया जाएगा नंबर
बता दें कि हिंदू युवा वाहिनी ने एक करोड़ लोगों से समर्थन पाने के लिए यह टोल फ्री नंबर संस्था के नाम पर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, इस नंबर के लिए 18,000 रुपए का चार्ज दिया गया है। इस अभियान की सफलता के बाद हिंदू युवा वाहिनी अन्य कई अभियानों से लोगों को जोड़ने की कोशिश करेगी। उनके लिए भी कुछ इसी तरह के टोल फ्री नंबर जारी कर देश के लोगों से समर्थन हासिल कर सकते हैं।
|
No comments:
Post a Comment